योग से निरोगी जीवन का संदेश: उपायुक्त के नेतृत्व में गिरिडीह स्टेडियम में हुआ भव्य योग पूर्वाभ्यास

योग से निरोगी जीवन का संदेश: उपायुक्त के नेतृत्व में गिरिडीह स्टेडियम में हुआ भव्य योग पूर्वाभ्यास

गिरिडीह, 19 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को गिरिडीह स्टेडियम में योग पूर्वाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव के नेतृत्व में जिले के वरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, आईएएस प्रशिक्षु, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने योगाभ्यास करते हुए नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा जीवन में अनुशासन और संतुलन का विकास होता है।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

वहीं, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि योग स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की आधारशिला है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का भी विकास करता है। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से योग को अपनाने और इसके लाभों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पूर्वाभ्यास कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाना तथा लोगों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।