विश्व पर्यावरण सप्ताह पर पेड़ों को बांधा रक्षा सूत्र, संरक्षण का लिया संकल्प

गिरिडीह। विश्व पर्यावरण सप्ताह 2026 के अवसर पर गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के निर्देश पर गराइडीह ग्राम में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गिरिडीह वन प्रक्षेत्र के वन क्षेत्र पदाधिकारी ने किया, जिसमें आसपास के कल्याणपुर, गराइडीह, प्रतापपुर और चितनखारी सहित अन्य गांवों के महिला‑पुरुष ग्रामीणों ने बड़े पैमाने पर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेड़ों और पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा और संवर्धन का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। वन विभाग के अधिकारी‑कर्मचारी — वनपाल अमर विश्वकर्मा, प्रधान वनरक्षी अन्नु सोरेन, संजयकांत यादव, बिरेंद्र कुमार, सुरूचि कुमारी और शिवनारायण महतो आदि कार्यकम में मौजूद रहे और ग्रामीणों को वृक्षारोपण, वन संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, जयदेव यादव, अब्दुल गनी और अनिल कुमार सहित अन्य ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। वन विभाग ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएँ और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करें ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।