विषैले जंतु के काटने से किसान की मौत, 5 बच्चों के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मदद को आगे आए प्रमोद मेहता

विषैले जंतु के काटने से किसान की मौत, बेसहारा हुआ परिवार; मदद को आगे आए युवा समाजसेवी प्रमोद मेहता
धान की थ्रेसिंग के दौरान तीन दिन पूर्व हुई थी घटना, मृतक के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां; आर्थिक सहयोग देकर समाजसेवी ने बढ़ाया मदद का हाथ
केतार (गढ़वा)। केतार थाना क्षेत्र के बनखेता टोला निवासी सुनील सिंह की विषैले जंतु के काटने से मौत के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीन दिन पूर्व धान की थ्रेसिंग के दौरान विषैले जंतु के काटने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। इस असामयिक निधन से परिवार के सामने भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बताया जाता है कि सुनील सिंह बेहद गरीब परिवार से थे। वे मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी सुनील सिंह के कंधों पर थी। उनके निधन के बाद बच्चों की परवरिश और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद केतार पंचायत के युवा समाजसेवी प्रमोद मेहता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा आर्थिक सहयोग प्रदान किया। साथ ही परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं और आगे भी हरसंभव मदद करते रहेंगे।

You may have missed