गिरिडीह में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 4.90 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य, डीसी ने किया शुभारंभ
गिरिडीह में पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद, उपायुक्त रामनिवास यादव ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, 4.90 लाख बच्चों को सुरक्षित करने का लक्ष्य!
2,337 बूथों पर शुरू हुआ
टीकाकरण अभियान, 23 और 24 नवंबर को घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को गिरिडीह जिले में टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। गांडेय प्रखंड में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने स्वयं नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले का एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिले में इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के कुल 4,90,549 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पूरे जिले में 2,337 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं, जहां रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
कोई भी बच्चा टीकाकरण से नहीं रहे वंचित : उपायुक्त
अभियान का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना बेहद जरूरी है। अभियान की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाए। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज के इलाकों, झुग्गी-बस्तियों और प्रवासी परिवारों के बच्चों तक भी अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
23 और 24 नवंबर को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
अभियान के तहत रविवार को बूथों पर टीकाकरण के बाद 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इस दौरान विशेष रूप से उन बच्चों को चिह्नित किया जाएगा, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डोर-टू-डोर अभियान में पूरी गंभीरता बरती जाए और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, प्रभावी मॉनिटरिंग का निर्देश
उपायुक्त ने अभियान की नियमित निगरानी और विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभिभावकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
मौके पर सिविल सर्जन, गांडेय के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

