वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मॉडर्न पब्लिक स्कूल में कक्षा-11 का शुभारंभ, JEE-NEET की विशेष कक्षाएँ शुरू
- वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मॉडर्न पब्लिक स्कूल में कक्षा-11 का शुभारंभ, JEE-NEET, CLAT और NDA की विशेष कक्षाएँ भी शुरू* अब स्कूल में ही होगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी*
*झुमरी तिलैया, शहर के प्रतिष्ठित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और हवन के साथ कक्षा-11 के नए शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के उद्घोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद आचार्यों द्वारा स्वस्तिवाचन एवं मंत्रोच्चार के बीच कक्षा-11 के छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर रोली-अक्षत से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य गुरुचरण वर्मा ने कहा, “कक्षा-11 आपके करियर की नींव है। यह नया सत्र जीवन में एक नए युग की शुरुआत है। अनुशासन, परिश्रम और संस्कार के साथ आगे बढ़ें, सफलता अवश्य मिलेगी।”
विद्यालय प्रबंधन ने इस सत्र से बड़ी पहल करते हुए JEE, NEET, CLAT और NDA जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष कक्षाओं का शुभारंभ किया है। अब विद्यार्थी कक्षा-12 की बोर्ड परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ और डिफेंस प्रवेश परीक्षाओं की भी एकीकृत तैयारी स्कूल परिसर में ही कर सकेंगे।
विद्यालय की निर्देशिका संगीता शर्मा ने कहा, “हमारा एकमात्र उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा देना है। इन विशेष कक्षाओं को शुरू करने का लक्ष्य बच्चों को कोटा या राँची भेजने की मजबूरी से मुक्त करना है। अनुभवी विषय-विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्र यहीं रहकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का परचम लहराएँगे।”
कार्यक्रम में कक्षा-11 के सभी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल को समय की मांग बताते हुए सराहना की।

