ठंड से राहत के लिए कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी ने शहरभर में कराया अलाव का इंतज़ाम

ठंड से राहत के लिए कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी ने शहरभर में कराया अलाव का इंतज़ाम

गढ़वा। बढ़ती ठंड और गिरते तापमान से आमजन को राहत दिलाने हेतु कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी संस्था ने सराहनीय पहल करते हुए रविवार को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था कराई। संस्था की ओर से रंका मोड़, मझिआंव मोड़ समेत कई अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव जलाए गए, जिससे राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को ठिठुरन से बड़ी राहत मिली।

संस्था के सचिव विकास कुमार माली ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है और पारा लगातार गिरते हुए जनजीवन प्रभावित होने लगा है। खासकर रात के समय ठंड का असर काफी बढ़ गया है, जिससे गरीब, मजदूर, रिक्शा चालक और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसी को देखते हुए सोसाइटी ने तुरंत अलाव की व्यवस्था करने का निर्णय लिया।

विकास कुमार माली ने कहा कि कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी केवल दहेज हत्या, बाल विवाह और समाज सुधार संबंधी गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्था हर उस कार्य में आगे रहती है जो लोगों की जरूरत और समाज के विकास से जुड़ा हो। उन्होंने बताया कि हालिया ठंड को देखते हुए संस्था ने पूरे शहर में अलग-अलग लोकेशनों पर अलाव जलाने की योजना बनाई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय रूप से सहयोग किया। मौके पर पिंटू चौबे, मोमिना खातून, जोनलानी बेगू, विभूति पांडे, प्रलय पासवान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शहरवासियों की मदद के उद्देश्य से अलाव जलाने और आगे भी जरूरत पड़ने पर सहायता जारी रखने का संकल्प लिया।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह की सामाजिक गतिविधियां समय-समय पर होती रहनी चाहिए, जिससे ठंड जैसे संकट के समय में लोगों को तत्काल राहत मिल सके। संस्था की यह पहल गढ़वा शहर में मानवता और सामाजिक सहयोग का एक बेहतरीन उदाहरण बनी।

You may have missed