मेराल: ठंड में राहत बना योगदा सत्संग का सेवा कार्य, ग्रामीणों को बांटे गए कंबल

मेराल प्रखंड के रजहारा मध्य विद्यालय में योगदा संत्संग सोसाईटी ऑफ इंडिया रांची के तत्वावधान में रविवार को जरूरत मंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में रजहारा, सेराशाम एवं बनुआ गांव के करीब 400 से उपर जरूरत मंद ग्रामीणों को कंबल प्रदान किया गया. कंबल वितरण कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि गढ़वा एसडीओ संजय कुमार पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके पश्चात एसडीओ श्री पांडे ने जरूरत मंद लोगों को कम्बल वितरण किया।इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुये मुख्य अतिथि संजय कुमार पांडे ने योगदा सत्संग सोसाईटी के इस सेवा कार्य की काफी सराहना की. उन्होंने कहा कि इस ठंड में गरीबों को कंबल ओढ़ाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है. उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त किया कि योगदा सोसाईटी ने राजहारा गांव में केंद्र बनाकर आध्यात्मिक और सेवा कार्य करने का निर्णय लिया है. उन्होंने योगदा के स्थानीय प्रतिनिधि सारिका सिंह को इसका श्रेय देते हुये उनके विचारों की काफी सराहना की. कार्यक्रम में योगदा की प्रतिनिधि समाजसेविका सारिका सिंह ने योगदा सत्संग सोसाईटी के कायों की जानकारी लोगों को दिया. उन्होंने कहा कि यह कंबल वितरण योगदा सत्संग रांची के द्वारा किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि योगदा धर्म और सेवा के क्षेत्र में भारत सहित बाहर के कई देशों में भी कार्य कर रहा है. इस क्षेत्र में योगदा सोसाईटी ने उनके निवेदन पर केंद्र बनाकर कार्य करने की स्वीकृति प्रदान की है. उनका प्रयास होगा कि इसका लाभ इस संपूर्ण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा. आज लोग जिस तरह से शांति की तलाश में भटक रहे हैं, उन्हें योगदा के प्रयास से लाभ मिलेगा. इस अवसर पर गायत्री परिवार महिला मंडल की जिला प्रभारी शोभा पाठक ने महिला सशक्तीकरण पर प्रकाश डालते हुये कहा कि महिलाएं अबला नहीं है. बस उन्हें अपने आपको पहचानने की जरूरत है. महिला कहीं से भी पुरूषों से पीछे नहीं रही हैं. उन्होंने प्राचीन काल की कई महिलाओं का उदाहरण देते हुये कहा कि महिलाएं हमेशा समाज निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभायी हैं. वर्तमान युग में भी महिलाओं ने हर चुनौती का सामना किया है. महिलाओं के बिना किसी परिवार अथवा समाज की कल्पना नहीं की जा सकती हैं. उन्होंने चिंता व्यक्त किया कि वर्तमान समय में महिलाएं पाश्चात्य संस्कृति की गुलाम बनती जा रही हैं इसका असर समाज एवं परिवार पर पड़ रहा है. कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया संजय राम, बीडीसी अनिता देवी, गायत्री परिवार के विनोद पाठक, गढ़वा पीएलवी मुरली श्याम तिवारी, जनक विकास धारा ऑर्गेनाईजेशन के रामाशंकर चौबे, शिक्षक रघुराई राम, समाजसेवी विनोद सिंह, राजेश्वर सिंह, जगदीश्वर सिंह, धर्मदेव सिंह, रमेश बैठा, देवीशरण गुप्ता सहित अनेकों लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन शंभू राम ने किया.