ठंड लगने से मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ठंड लगने से मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संवाददाता नीलांबर पीतांबरपुर।

प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पोस्ट सांगबार निवासी प्रेमन महतो की ठंड लगने से मौत हो जाने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार प्रेमन महतो एक गरीब मजदूर थे, जो रोज़ाना मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, जिनकी असमय मौत से परिजनों पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है।

परिजनों ने बताया कि मृतक अपने पीछे एक-दो छोटे बेटे छोड़ गए हैं। सबसे दुखद बात यह है कि महज चार दिन पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए छेका रस्म पूरी की थी। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। घर में जहां कुछ दिन पहले खुशी का माहौल था, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण ठंड और ठंड से बचाव के पर्याप्त साधनों के अभाव के कारण प्रेमन महतो की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

मौके पर ग्राम मुखिया गीता देवी, समाजसेवी राजू सिंह, सुदामा महतो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता देने की मांग की। मुखिया गीता देवी ने कहा कि प्रेमन महतो बेहद मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। सरकार को चाहिए कि ऐसे गरीब मजदूर परिवार को आपदा राहत, पारिवारिक लाभ योजना, आवास और पेंशन जैसी सुविधाएं अविलंब उपलब्ध कराई जाएं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा एवं सभी सरकारी लाभ दिलाए जाएं, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ सहारा मिल सके।