त्योहारों से पहले गुमला में मीट-चिकन दुकानों पर छापा, बिना एनओसी व गंदगी में बिक्री करने वालों को कड़ी चेतावनी
त्योहारों से पहले गुमला में मीट-चिकन दुकानों पर छापा, बिना एनओसी व गंदगी में बिक्री करने वालों को कड़ी चेतावनी
गुमला – आगामी त्योहारों को लेकर आमजन के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर के मीट एवं चिकन दुकानों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में संचालित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई मटन एवं चिकन दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं। विशेष रूप से स्थानीय निकाय से बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिए दुकान संचालन, खुले में मांस की बिक्री तथा अस्वच्छ वातावरण में कारोबार करने वाले दुकानदारों को अधिकारियों ने मौके पर ही कड़ी चेतावनी दी।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे निर्धारित स्थान पर ही मांस की बिक्री करें, सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखें तथा स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के मद्देनजर आगे भी लगातार निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से मीट एवं चिकन दुकानदारों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने इस पहल की सराहना की है।


