सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर महिला मजदूर मोर्चा ने जताया शोक

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर महिला मजदूर मोर्चा ने जताया शोक

सैकड़ों कामकाजी महिलाओं ने दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर की आत्मा की शांति की प्रार्थना

गिरिडीह। झारखंड महिला मजदूर मोर्चा, जिला शाखा गिरिडीह के तत्वावधान में सोमवार को कोलडीहा स्थित किरण पब्लिक स्कूल के सभागार में झारखंड सरकार के मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी संघ एवं जलसहिया संघ से जुड़ी सैकड़ों कामकाजी महिलाओं ने हिस्सा लिया।

शोक सभा की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अंशुलता स्वरूप ने की, जबकि संचालन झारखंड राज्य महिला जलसहिया कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सितारा परवीन ने किया। मोर्चा की जिला मंत्री सरिता देवी ने उपस्थित लोगों को शोक सभा के उद्देश्य एवं वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया।

सभा को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा के संरक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से एक कर्मठ, होनहार और तेजस्वी समाजसेवी को खो दिया गया है। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना के कारण वे गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में लोकप्रिय थे।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में छात्र आंदोलन के दौरान भी सुदिव्य कुमार सोनू ने छात्र एवं सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। गिरिडीह के विकास को लेकर कई योजनाओं को धरातल पर उतारने की उनकी तैयारी थी, लेकिन असमय निधन के कारण इन योजनाओं को पूरा करने का अवसर उन्हें नहीं मिल सका।

शोक सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद उपस्थित महिला एवं पुरुषों ने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मौके पर प्रीति वर्मा, शिखा मुर्मू, दिव्या देवी, इसरत खातून, सहाबुद्दीन आलम, बबलू दास, अनिता कुमारी, नंदा सिंह, तरन्नुम निशा, शहजादी खातून, शिव्यानी रजक, पूनम पासवान, सुधा सिन्हा, विनोद कुमार वर्मा, लक्ष्मण भैया समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।