सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर मेगा स्किल सेंटर में शोक सभा, प्रशिक्षुओं ने रखा दो मिनट का मौन

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर मेगा स्किल सेंटर में शोक सभा, प्रशिक्षुओं ने रखा दो मिनट का मौन

मेराल। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर सोमवार को मेराल प्रखंड के बाना गांव स्थित आई-सेक्ट मेगा स्किल सेंटर में शोक सभा आयोजित की गई।

शोक सभा के दौरान मेगा स्किल सेंटर के प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सुदिव्य कुमार सोनू के राजनीतिक जीवन और राज्य के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।

मेगा स्किल सेंटर के संचालक रंजीत वर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक कुशल जनप्रतिनिधि और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उनका असमय निधन पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से राज्य ने एक सक्रिय और समर्पित जनप्रतिनिधि खो दिया है।

गौरतलब है कि झारखंड के नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन तथा खेलकूद मामलों के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार रात गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। उनके निधन के सम्मान में झारखंड सरकार ने दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। इसके तहत सोमवार को राज्य के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे।