सतबरवा प्रखंड में पेयजल संकट: जनता प्यासी, चापाकल खराब, अधिकारी मौन आशीष सिंह समाजसेवी

सतबरवा प्रखंड में पेयजल संकट: जनता प्यासी, चापाकल खराब, अधिकारी मौन आशीष सिंह समाजसेवी

पलामू (झारखंड): सतबरवा प्रखंड क्षेत्र की जनता पानी के अभाव में बेहाल है। प्रखंड के सभी दस पंचायतों में पेयजल की घोर समस्या व्याप्त है। अधिकांश चापाकल खराब पड़े हैं, जबकि कई जगहों पर मामूली मरम्मत की जरूरत है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्होंने पेयजल विभागीय अधिकारियों को कई बार पत्र लिखा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर सुदूरवर्ती इलाकों में नए चापाकल लगवाने और जहां जरूरी हो वहां बोरिंग कराने की मांग की है।
पोंची पंचायत के मानासोती गांव में रहने वाली महिलाओं ने बताया कि घर के पास चापाकल खराब होने के कारण वे नदी से पानी लाकर पीने को मजबूर हैं। पूरे प्रखंड में शुद्ध पेयजल की कमी से न केवल घरेलू उपयोग, बल्कि माल-मवेशियों को भी दिक्कत हो रही है। शादी-विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आशीष कुमार सिन्हा ने कहा, “जनता के प्रतिनिधि चुप हैं। अधिकारी मौन साधे हुए हैं। अगर जल्द शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई तो जनता के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
उन्होंने पलामू उपायुक्त से तत्काल हस्तक्षेप कर सतबरवा प्रखंड के सभी प्रभावित क्षेत्रों में चापाकल की मरम्मत, नए चापाकल एवं बोरिंग की व्यवस्था करने की अपील की है।
नोट: सतबरवा प्रखंड में जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजना भी कई गांवों में फेल बताई जा रही है, जिससे हजारों लोग प्रभावित हैं। स्थानीय प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।