सतबरवा प्रखंड के ग्राम करमा में इंडियन हुसैनी युवा क्लब ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, सैकड़ों लोगों ने लिया भाग

सतबरवा प्रखंड के ग्राम करमा में इंडियन हुसैनी युवा क्लब ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, सैकड़ों लोगों ने लिया भाग

सतबरवा (पलामू)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सतबरवा प्रखंड अंतर्गत ग्राम करमा के इंडियन हुसैनी युवा क्लब ने परंपरागत रूप से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। देशभक्ति के जोश और उत्साह से भरी यह यात्रा भारत माता की जय, 15 अगस्त अमर रहे, सुभाष चंद्र बोस अमर रहे तथा भगत सिंह अमर रहे के नारों से गूंज उठी।
यात्रा की शुरुआत ग्राम करमा से हुई। तिरंगा यात्रा धावाडीह बोहीता, सेहरा लोहरापोखरी, तबर पोंची, सतबरवा मेलाटांड, तुम्बागाड़ा और बकोरिया होते हुए पुनः करमा वापस पहुंची। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया और स्वयं भी इसमें शामिल होकर देशभक्ति का परिचय दिया।
यात्रा में धावाडीह पंचायत के पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी महेश यादव जी की विशेष उपस्थिति रही। इंडियन हुसैनी युवा क्लब के अध्यक्ष वकील अंसारी के नेतृत्व में राजा अंसारी, महक बाबू, साजन कुमार, वाजिद सिद्दीकी, कामरान अंसारी, टिंकू अंसारी, हाफिज आसिफ अंसारी, रब्बानी अंसारी, जुनैद अंसारी, शमशुद्दीन अंसारी, रिजवान अंसारी, शमशाद अंसारी, अफसर अंसारी, जावेद अंसारी, दानिश अंसारी, मुस्तफा अंसारी, जाफिर अंसारी सहित सैकड़ों युवा और ग्रामीण शामिल हुए।
यात्रा के दौरान जगह-जगह तिरंगे झंडे लहराते दिखे। युवाओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल छाया रहा। क्लब के सदस्यों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर इस तरह की यात्रा निकालने का उद्देश्य युवा पीढ़ी में देशप्रेम की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद रखना है।
ग्राम करमा और आसपास के गांवों के लोग इस आयोजन से काफी प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश जाता है और युवा देश की सेवा के लिए प्रेरित होते हैं। तिरंगा यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई और सभी प्रतिभागियों ने भारत माता की जय के नारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया।