डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह में देशभक्ति के उल्लास के साथ मना 80वाँ स्वतंत्रता दिवस
डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह में देशभक्ति के उल्लास के साथ मना 80वाँ स्वतंत्रता दिवस
गिरिडीह, । डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह के भव्य प्रांगण में 15 अगस्त, शनिवार को देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत वातावरण में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि-सह एलएमसी चेयरमैन एवं महाप्रबंधक, सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र, श्री कन्हैया शंकर गयाल सहित सीसीएल के सम्मानित अधिकारियों एवं अतिथियों का विद्यालय के प्राचार्य श्री ओमप्रकाश गोयल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों का रोली-तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने भारत की विविध संस्कृतियों एवं कलाओं की मनोहारी झलक प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों ने विद्यालय परिसर स्थित कारगिल शहीद स्मारक पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री कन्हैया शंकर गैवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान एवं देशभक्ति गीतों से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रीय भावना से गुंजायमान हो उठा। एनसीसी कैडेट्स तथा चारों हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी।
अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल ने मुख्य अतिथि सहित सभी सम्मानित अतिथियों का डीएवी संस्था की ओर से हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की परंपरा रही है कि वह अपने अतिथियों को ऐसा आत्मीय एवं गरिमापूर्ण वातावरण प्रदान करे, जो उन्हें सदैव स्मरण रहे। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सीसीएल अधिकारियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्राचार्य ने अपने भावपूर्ण संबोधन में देश के अमर शहीदों तथा झारखंड के निर्माण में योगदान देने वाले कर्मयोगियों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल केवल उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है।
समारोह का सांस्कृतिक आगाज देशभक्ति से ओत-प्रोत सामूहिक गीत से हुआ। इसके पश्चात प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण से जुड़े संदेश पर आधारित सामूहिक नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से परिपूर्ण सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर भारत की आन, बान और शान तथा तिरंगे के प्रति अपने उत्साह और सम्मान को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत एक मार्मिक नाटक ने आधुनिक समाज में परिवार के बदलते स्वरूप एवं पारिवारिक बिखराव को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक ने उपस्थित दर्शकों को भावुक कर दिया तथा सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय संस्कृति पर आधारित नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि-सह एलएमसी चेयरमैन श्री कन्हैया शंकर गयाल ने अपने संबोधन में कहा कि सीसीएल प्रबंधन विद्यालय के साथ सदैव खड़ा है। उन्होंने कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह ने शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कार के क्षेत्र में न केवल जिले, बल्कि पूरे राज्य में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने विद्यालय की इस प्रतिष्ठा एवं परंपरा को निरंतर बनाए रखने की शुभकामना दी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं पूरे विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भाषण ने भी सभी को प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्रप्रेम एवं देश के प्रति अपने कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से प्रेस एवं मीडिया से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके द्वारा समाज एवं विद्यालय की गतिविधियों को सकारात्मक रूप से सामने लाने में दिए गए योगदान की सराहना की गई।
इसके पश्चात कॉक हाउस 2025-26 का परिणाम घोषित किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं हाउस को सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक योगेश्वर शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, सभी सम्मानित अतिथियों, सीसीएल अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेतर कर्मचारियों, पूर्ववर्ती कर्मचारियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से विद्यालय निरंतर पुष्पित-पल्लवित होता रहेगा और समाज में शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन की सुगंध फैलाता रहेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं प्रस्तुतीकरण कुमारी हर्षिता, दिव्यांश प्रतीक एवं मियांसी आर्या ने प्रभावशाली ढंग से किया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान जो राष्ट्रप्रेम, गौरव और उत्साह से भरे वातावरण में हुआ।

