15 अगस्त पर देशभक्ति की अंताक्षरी से जोश से भरा माहौल, गिरिडीह की प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान

15 अगस्त पर देशभक्ति की अंताक्षरी से जोश से भरा माहौल, गिरिडीह की प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान

इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने उत्साह और देशप्रेम के साथ मनाया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

गिरिडीह। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा 80वाँ स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम क्लब अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर PDC पूनम साहाय, वाइस प्रेसिडेंट स्मृति आनंद, ट्रेजरर रश्मि गुप्ता, CGR सोनाली तारवे, सेक्रेटरी संगीता सिन्हा सहित क्लब के अनेक सदस्य, अतिथिगण एवं अभिभावक उपस्थित थे।

ध्वजारोहण के बाद रुद्राक्षी ने देशभक्ति गीत से सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद आराध्या झुनझुनवाला एवं राधिका खंडेलवाल ने मनमोहक देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में गिरिडीह का नाम रोशन करने वाली सात प्रतिभाशाली बेटियों को ‘Girl Achiever Award’ की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इनमें विद्या को एथलेटिक्स, कृतिका कृष्णा को बैडमिंटन, अंजुम आरा को ताइक्वांडो, अस्मिता कुमारी को योगासन, तनिशा आर्या को ताइक्वांडो, आर्या पलक को NEET 2026 में उत्कृष्ट उपलब्धि तथा कृतिका बर्मन को ताइक्वांडो में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।

इसके बाद क्लब सदस्यों को ‘केसरिया जोश’ और ‘हरा जोश’ दो टीमों में बाँटकर देशभक्ति गीतों की अंताक्षरी प्रतियोगिता कराई गई। गीतों और उत्साह से पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। अंत में अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने दोनों टीमों को विजेता घोषित करते हुए कहा, “स्वतंत्रता दिवस पर न कोई हार है, न कोई जीत—आज जीत सिर्फ हिंदुस्तान की है।” सभी प्रतिभागियों को तिरंगे और मोतियों से सजे सुंदर बैंड पहनाकर बधाई दी गई।

अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने कहा कि आज सात प्रतिभाशाली बेटियों को सम्मानित कर गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अगली बार गिरिडीह की इससे दोगुनी बेटियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने का अवसर मिले और वे जिले का नाम निरंतर रोशन करती रहें।