सरकार की योजनाओं की समीक्षा बैठक में सख्त हुए उपायुक्त, लंबित कार्यों को एक सप्ताह में पूर्ण करने का निर्देश

सरकार की योजनाओं की समीक्षा बैठक में सख्त हुए उपायुक्त, लंबित कार्यों को एक सप्ताह में पूर्ण करने का निर्देश

गिरिडीह। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज गुरुवार को समाहरणालय सभागार में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, अबुआ आवास योजना समेत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने और जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने मनरेगा के अंतर्गत वर्षों से लंबित योजनाओं को अविलंब पूर्ण कराने, मानव दिवस सृजन में प्रगति लाने, शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित करने, तथा पोटो हो खेल मैदान सहित अन्य योजनाओं को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आदेश दिया।अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तहत भौतिक प्रगति, भुगतान स्थिति और लाभुकों के चयन की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सभी लंबित आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें और किस्तों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी योग्य लाभुक योजनाओं से वंचित न रहे।उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को लंबित योजनाओं में अगले एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट प्रगति लाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन और संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।