दुर्गा पूजा में निर्बाध बिजली को लेकर JMM प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत अधीक्षण अभियंता से की मुलाकात

गिरिडीह। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर वार्ता की। यह वार्ता विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति अंचल, गिरिडीह के कार्यालय में हुई।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता से दुर्गा पूजा के दौरान बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा झारखंड सहित पूरे देश में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है। इस दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पूजा के दौरान बिजली कटौती से श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभाग को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। साथ ही बिजली से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि लोग शांतिपूर्ण और उत्साह के साथ दुर्गा पूजा मना सकें।
वार्ता में JMM जिलाध्यक्ष संजय सिंह, उप महापौर सुमित कुमार, पार्टी के महामंत्री सहनवाज अंसारी, मीडिया प्रभारी कृष्ण मुरारी शर्मा, अभय सिंह, दिलीप रजक और राकेश उर्फ टुन्ना सिंह मौजूद थे।