सरिया में जेट पंप चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद

गिरिडीह। जिले के सरिया थाना क्षेत्र के सरिया बाजार स्थित सेना गली में 12 जुलाई को एक निर्माणाधीन मकान से चोरी हुए जेट पंप का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। अभियुक्तों की पहचान कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का जेट पंप, बिना नंबर की मोटरसाइकिल (125 सीसी) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महेश प्रसाद वर्णवाल ने 12 जुलाई को सरिया थाने में अपना निर्माणाधीन मकान से जेट पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
SIT ने तकनीकी अनुसंधान एवं छापेमारी के दौरान अजय कुमार मंडल (23), हरीश कुमार उर्फ कृष्णा गुहा (18) और प्रिंस कुमार यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर क्रॉम्पटन कंपनी का जेट पंप, 125 सीसी की बिना नंबर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि अजय कुमार मंडल के खिलाफ पहले से भी सरिया थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की जांच व्यापक स्तर पर जारी है और अन्य संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस कांड में स्थानीय अपराधियों की संभावित सहभागिता की भी गहन जांच की जा रही है।
SIT टीम में थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी सुदामा राम व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

You may have missed