SIR को लेकर झामुमो की बड़ी बैठक, मतदाताओं की समस्याओं के समाधान में जुटेंगे कार्यकर्ता

SIR को लेकर झामुमो की बड़ी बैठक, मतदाताओं की समस्याओं के समाधान में जुटेंगे कार्यकर्ता

गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। उत्सव उपवन में आयोजित इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों, अनमैप्ड मतदाताओं और तार्किक विसंगतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि आगामी दो महीने तक चलने वाली SIR प्रक्रिया के दौरान सभी कार्यकर्ता और बीएलए-2 पूरी सतर्कता के साथ काम करें तथा मतदाताओं की हर संभव सहायता करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार संविधान द्वारा प्रदत्त एक महत्वपूर्ण अधिकार है और किसी भी योग्य नागरिक को इससे वंचित नहीं होना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि यदि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो कई लोग भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली बनवाने में राज्य सरकार सहयोग करेगी।

बैठक में पीरटांड़, गिरिडीह प्रखंड और नगर निगम क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और चुनौतियों को रखा। जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पंचायत, प्रखंड, विधानसभा और जिला स्तर पर टीमों का गठन कर समस्याओं के समाधान की दिशा में शीघ्र कार्य किया जाएगा।

बैठक में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, नूर अहमद, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा सहित झामुमो के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

झामुमो ने SIR प्रक्रिया को लेकर संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संकेत दिया है। पार्टी का कहना है कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लगातार काम करेंगे।