SIR-2026 को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त सख्त, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
SIR-2026 के सफल संचालन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने की समीक्षात्मक बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश । ====================
पलामू प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय की अध्यक्षता मे एस.आई.आर. ( SIR-2026 / स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन ) के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पलामू, गढ़वा, लातेहार के उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं आयुक्त के सचिव श्री रोहित सिन्हा उपस्थित थे।
बैठक के दौरान आयुक्त ने SIR-2026 के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान आयुक्त ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी बीएलओ को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वास्तविक मतदाताओं की सही पहचान सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न की जाए तथा सभी तथ्यों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) की भूमिका एवं दायित्वों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि ERO अपने क्षेत्राधिकार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित सभी कार्यों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR-2026 के तहत चलाए जा रहे अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें और आवश्यकतानुसार अपना नाम जोड़ने, संशोधित कराने अथवा अन्य दावे-आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें।
आयुक्त ने कहा कि SIR-2026 का सफल आयोजन प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करें तथा नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। उन्होंने आवश्यकतानुसार स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने की भी बात कही।
बैठक में अधिकारियों से प्राप्त सुझावों एवं प्रतिवेदनों पर चर्चा करते हुए आयुक्त ने कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयासों के माध्यम से SIR-2026 को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

