बालू ट्रैक्टर का पीछा करते हादसा, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
सिटी न्यूज झारखंड के रिपोर्टर चंदन पांडे, गिरिडीह, ब्यूरो हेड के खबर का हुआ असर
गिरिडीह, बेंगाबाद: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलदा नदी घाट के समीप गुरुवार को बालू लदे एक ट्रैक्टर का पीछा करने के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टर की सूचना मिलने पर अंचल प्रशासन की टीम उसके पीछे लग गई। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे में ट्रैक्टर चालक एवं साथ मौजूद चौकीदार घायल हो गए। हालांकि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर किसी राहगीर या आबादी वाले क्षेत्र में पलटता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासनिक कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि अवैध बालू खनन की सूचना थी तो प्रशासन को सीधे घाट पर छापेमारी करनी चाहिए थी। उनका मानना है कि सड़क पर पीछा करने की बजाय खनन स्थलों पर सख्ती बरतने से इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि एक ओर सरकार प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास जैसी योजनाओं के तहत निर्माण कार्यों को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर बालू की उपलब्धता और परिवहन को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

