SIR-2026: झारखंड के सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर BLO-BLA-2 की तीसरी बैठक एवं चुनाव पाठशाला का किया गया आयोजन
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने हजारीबाग जिला के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित चुनाव पाठशाला का किया भौतिक निरीक्षण
चुनाव पाठशाला में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के विभिन्न बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा
मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने पर दिया गया जोर
हजारीबाग। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री के. रवि कुमार के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के अंतर्गत आज राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की तीसरी संयुक्त बैठक तथा चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न 11:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-2, बीएलओ एवं संबंधित मतदाताओं ने भाग लिया। बैठक के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न चरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए।
ㅤ
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार ने हजारीबाग जिले के मतदान केंद्र संख्या 188,189, 267, 347, 268, 270, 294, 295 एवं 378 में चल रहे उक्त बैठक एवं चुनाव पाठशाला का भौतिक निरीक्षण किया । उन्होंने बैठक के दौरान ASDD (Absent, Shifted, Death, Duplicate एवं Refused to Sign) सूची को अंतिम रूप देने, प्राप्त गणना प्रपत्रों का संग्रहण एवं सत्यापन, एक परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करने तथा गैर भारतीय से संबंधित प्राप्त सूचना एवं दस्तावेजों पर विचार-विमर्श कर उन्हें ERO/AERO को उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
श्री सुबोध कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी तरह सहभागी एवं पारदर्शी प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलए-2, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
बैठक में बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में चिन्हित मतदाताओं से संबंधित सूचनाओं का सत्यापन किया गया तथा बीएलए-2 से प्राप्त सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर हज़ारीबाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के ईआरओ श्री आदित्य पांडेय एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती वेदवंती कुमारी भी उपस्थित रहे।

