पलामू DC पहुंचे मतदान केंद्र, SIR-2026 पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा
दो मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 बैठक में शामिल हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पोखराहा खुर्द एवं राजकीय मध्य विद्यालय, रजवाडीह स्थित मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 की तीसरी एवं अंतिम बैठक में भाग लिया।
इस दौरान उपायुक्त श्री शेखावत ने बीएलओ एवं बीएलए-2 से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा मतदान केंद्रवार गणना प्रपत्रों के संकलन, डिजिटाइजेशन एवं एएसडीडीएफ (ASDDF) सूची के सत्यापन की समीक्षा की। उन्होंने डुप्लीकेट प्रविष्टि, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं से संबंधित मामलों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने में बीएलओ एवं बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान मतदान केंद्रवार प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए गए तथा सभी संबंधित पक्षों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की गयी।इस अवसर पर डाल्टनगंज विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे।


