SIR-2026 जागरूकता रैली निकली, हर पात्र नागरिक से मतदाता सूची में जुड़ने की अपील
गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्यव्यापी मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के सफल, पारदर्शी एवं सुचारू क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशन में आज रामकृष्ण विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बगोदर में आयोजित रैली में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुज़रती हुई रैली में प्रतिभागियों ने स्थानीय जनमानस को SIR-2026 के महत्व के बारे में सूचित किया तथा योग्य नागरिकों से समय पर गणना प्रपत्र भरने, नाम जोड़ने और मतदाता सूची में पाई जा रही त्रुटियों का निराकरण कराने का आह्वान किया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “सच्चे लोकतंत्र की यही पहचान, हर योग्य नागरिक करे मतदान” और “जागरूक मतदाता, देश का विधाता” जैसे नारों के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। SIR-2026 अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा त्रुटिहीन सूची तैयार करना है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार, पड़ोस और समाज के सभी पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें।
जिला प्रशासन ने बताया कि SIR-2026 की जानकारी जिले के प्रत्येक गांव, पंचायत एवं शहरी क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रैलियों, जनसंवाद, विशेष शिविरों और प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक जनजागरण जारी रखा जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और लोकतंत्र में सबकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

