श्रावणी मेला-2026 की तैयारियां तेज, कांवरिया पथ का प्रशासन ने किया निरीक्षण

राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज मेला क्षेत्र एवं कांवरिया रूटलाइन का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण की शुरुआत दुम्मा बॉर्डर स्थित कांवरिया पथ से की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को पूरे रूटलाइन में केवल महीन बालू बिछाने, बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर कर दुरुस्त करने, चापाकलों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
विशेष रूप से कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाने पर जोर देते हुए संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता को पूरे रूटलाइन में केवल महीन बालू का ही उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पैदल आने वाले लाखों कांवरियों को चलने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।