सहिया एप के नए वर्जन 1.0.24 को सभी सहिया बहनों तक पहुंचाएं, सिद्धार्थ दुबे

सिसई में सहिया एप आधारित एकदिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर जोर

गुमला, 28 मई। जिला स्वास्थ्य समिति, गुमला एवं स्वयसेवी संस्था एकजुट गुमला के संयुक्त तत्वावधान में रेफरल अस्पताल, सिसई में प्रखंड आशा फैसिलिटेटर एवं सहिया साथियों के लिए सहिया एप्लिकेशन आधारित एकदिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं प्रशिक्षण एकजुट गुमला के जिला कोऑर्डिनेटर सिद्धार्थ दुबे द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान सिद्धार्थ दुबे ने सभी सहिया बहनों को सहिया एप के नए वर्जन 1.0.24 को अनिवार्य रूप से इंस्टॉल कराने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस एप्लिकेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध रिपोर्टिंग एवं समुदाय स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

बैठक में मुख्य रूप से पी.एल.ए., एच.बी.एन.सी. एवं एच.बी.वाई.सी. गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पी.एल.ए. गतिविधियों के अंतर्गत ग्राम स्तर पर आयोजित महिला समूह बैठकों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों एवं सामुदायिक सहभागिता की स्थिति पर चर्चा की गई। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोरियों की बैठकों में सहभागिता बढ़ाने के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, कुपोषण, एनीमिया तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सहिया एप्लिकेशन में पी.एल.ए. गतिविधियों की समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इसके उपरांत एच.बी.एन.सी. अंतर्गत नवजात शिशुओं के गृह भ्रमण एवं देखभाल कार्यों की समीक्षा की गई। जन्म के बाद निर्धारित समयावधि में गृह भ्रमण, नवजात की नियमित निगरानी, केवल स्तनपान, टीकाकरण एवं संक्रमण के लक्षणों की पहचान संबंधी कार्यों पर विशेष चर्चा हुई। सहिया साथियों को नवजात में खतरे के संकेतों की पहचान कर समय पर रेफरल सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वहीं एच.बी.वाई.सी. के अंतर्गत 3 माह से 15 माह तक के बच्चों की देखभाल एवं पोषण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। बच्चों के नियमित गृह भ्रमण, पूर्ण टीकाकरण, उचित पोषण, पूरक आहार एवं गंभीर कुपोषण, दस्त तथा निमोनिया जैसे रोगों की पहचान एवं समय पर उपचार पर विशेष बल दिया गया। परिवारों को स्वच्छता, हाथ धोने की आदत एवं पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में सभी प्रखंड आशा फैसिलिटेटर एवं सहिया साथियों को समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने तथा सहिया एप्लिकेशन में सभी गतिविधियों की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक में जिला आशा फैसिलिटेटर रामाकांत, प्रखंड आशा फैसिलिटेटर लीलन कुमारी, सिलवंती मिंज तथा सहिया साथी सुनिता देवी, अनिता देवी, पुष्पा देवी, आशा रानी, नुरजहाँ प्रवीण, रुकमनी देवी, प्रमीला देवी सहित दर्जनों सहिया बहनें उपस्थित थीं।