शिक्षक दिवस पर सम्मानित होंगे शिक्षक मनोज कुमार सिंह, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिलेगा सम्मान

खरौंधी, गढ़वा। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रेहला, गढ़वा की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

इस समारोह में खरौंधी प्रखंड अंतर्गत राजी स्तरोन्नत प्लस-टू उच्च विद्यालय में पदस्थापित स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक मनोज कुमार सिंह को भी सम्मानित किया जाएगा।

मनोज कुमार सिंह को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, वाणिज्य विषय के प्रश्न पत्र निर्माण, शिक्षण में नवाचार तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए दिया जा रहा है।

(डायट)रेहला गढ़वा में शनिवार को आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के कई वरीय पदाधिकारी और शिक्षाविद मौजूद रहेंगे। इस दौरान शिक्षक मनोज कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।

बताया जाता है कि मनोज कुमार सिंह विद्यालय में बच्चों को रोचक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों से जोड़ने के लिए जाने जाते हैं। ग्रामीण परिवेश में सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उनकी बौद्धिक और रचनात्मक क्षमता को निखारने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

उनके सम्मान के लिए चयनित होने पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक, सहकर्मियों, स्थानीय ग्रामीणों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति ने खुशी जताई है। सभी ने इसे पूरे विद्यालय परिवार और खरौंधी प्रखंड के लिए गर्व का क्षण बताया।

वहीं शिक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी शिक्षकों का सम्मान है, जो सीमित संसाधनों के बीच भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।

You may have missed