सहायक अध्यापकों ने भरी हुंकार, 11 अगस्त को विधानसभा के समक्ष देंगे धरना

सहायक अध्यापकों ने भरी हुंकार, 11 अगस्त को विधानसभा के समक्ष देंगे धरना

गिरिडीह। आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक झंडा मैदान में जिलाध्यक्ष डीलचंद महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सहायक अध्यापकों की लंबित मांगों को लेकर आगामी विधानसभा मानसून सत्र के दौरान 11 अगस्त को विधानसभा के समक्ष धरना देने का निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष दिलशाद ने आरोप लगाया कि सरकार लिखित समझौते के बावजूद मांगों को लागू नहीं कर रही है। संगठन ने आकलन परीक्षा पास सहायक अध्यापकों को सहायक आचार्य नियुक्ति में अवसर देने और वेतनमान के समतुल्य मानदेय देने की मांग उठाई।

बैठक से पहले मोर्चा के पदाधिकारी नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात के लिए उनके आवास पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगें पूरी कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा, हालांकि सरकार से बातचीत का विकल्प भी खुला रखा गया है। बैठक में प्रदेश और जिला कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सहायक अध्यापक मौजूद रहे।