शास्त्री नगर दुर्गा मंडप में भव्य भक्ति जागरण, आकाश-परिचय के भजनों पर रातभर झूमे श्रद्धालु
शास्त्री नगर दुर्गा मंडप में महासप्तमी पर भव्य भक्ति जागरण, आकाश-परिचय के भजनों पर पूरी रात झूमे श्रद्धालु
गिरिडीह. शहर के शास्त्री नगर दुर्गा मंडप में महासप्तमी के पावन अवसर पर शनिवार की देर शाम भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया. देर रात तक चले इस भक्ति जागरण में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गिरिडीह के प्रसिद्ध भजन गायक आकाश और परिचय की जोड़ी रहे. दोनों गायकों ने एक से बढ़कर एक माता के भजनों की प्रस्तुति देकर ऐसा अद्भुत समां बांधा कि पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे. कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई. शास्त्री नगर दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक संजय कुमार सिन्हा, अध्यक्ष रंजीत सिन्हा, सचिव रंजय बरदियार, कोषाध्यक्ष कैलाश राम, अमर सिन्हा, रविशंकर वर्मा, सीताराम पासवान समेत समिति के सभी सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इसके बाद दोनों भजन गायकों को माता की चुनरी ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. जैसे ही भजन संध्या शुरू हुई, पूरा पंडाल, जय माता दी, के जयकारों से गूंज उठा. भजन गायकों ने भजनों की झड़ी लगा दी. दोनों कलाकारों ने जब मधुर आवाज में, लाल लाल चुनरी सितारों वाली, जिसे ओढ़कर आई है माँ शेरावाली…तो महिलाएं झूम उठीं. इसके बाद आज तेरा जगराता माता, आज तेरा जगराता, पधारो माँ, भजन पर युवा श्रद्धालु नाचने लगे वहीं, बिगड़ी मेरी बना दे, ओ शेरावाली माता, बिगड़ी मेरी बना दे.. और शेर पे सवार होके आजा शेरावालिये… जैसे भजनों ने भक्ति की सरिता बहा दी. देर रात तक चले इस जागरण में समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया. आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.


