सेवा भारती का 6 दिवसीय प्रांतीय आचार्य सेवा प्रशिक्षण वर्ग मधुवन में शुरू हुआ आयोजन
सेवा भारती का 6 दिवसीय प्रांतीय आचार्य सेवा प्रशिक्षण वर्ग मधुवन में शुरू हुआ आयोजन ।
सेवा भारती, झरखंड के तत्वावधान में छह दिवसीय आचार्य व किशोरी विकास सेवा प्रशिक्षण वर्ग गिरिडीह के मधुवन स्थित तलेटी तीर्थ क्षेत्र, कल्पवृक्ष धर्मशाला में आयोजित किया गया । वर्ग का उद्घाटन क्षेत्र सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस सेवा प्रशिक्षण वर्ग में शिक्षा कार्य से जुड़ी सेवाव्रती महिला कार्यकर्ताओं को गुणवत्ता विकास,नेतृत्व क्षमता विकास,शिक्षण की सरल पद्धति,सामाजिक सुरक्षा सह जागरूकता आदि के सेवा प्रशिक्षण दिए जा रहे है। इस प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने बताया कि छोटी-छोटी विधाओं के माध्यम से सेवा कार्य कर के हम वातावरण में बदलाव ला सकते हैं। बताया गया कि आज सेवा भारती अपने भिन्न-भिन्न सेवा आयामों द्वारा सामाजिक बदलाव लाई है। सेवा बस्तियों के बच्चों में बाल्यकाल से संस्कारित शिक्षा देकर,अभावग्रस्त महिलाओं को स्वावलंबन प्रशिक्षण देकर और जरूरतमंद,पीड़ितों को आरोग्य प्रदान कर शिक्षित, समृद्ध एवं स्वस्थ्य समाज का नवनिर्माण किया जा रहा है। इस दौरान सेवा प्रशिक्षण वर्ग के वर्गाधिकारी प्रो. सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सेवा कार्य से अपने व्यक्तित्व को ऊँचाइयों तक ले जाने का हमें सुनहरा अवसर मिला है। सेवा की साधना और तप से हमारी भारतीय संस्कृति अडिग है। इसका संरक्षण एवं संवर्द्धन करना हमारा परम दायित्व है।
वंही इस अवसर के दौरान प्रांतीय आचार्य सेवा प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झारखंड प्रांत सेवा प्रमुख मुकेश रंजन सिंह ने संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सेवा कार्य विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि हमें सभी चिन्हित सेवा बस्तियों, पंचायतों, प्रखंडों तक पहुंचना है। शताब्दी वर्ष पर तय कार्यक्रमों में गृह संपर्क,हिंदू सम्मेलन एवं सामाजिक सद्भाव बैठकों के लिए सेवा भारती की महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके पूर्व किशोरी विकास केंद्र संचालन एवं आवश्यकता विषय पर अनुपमा सिन्हा,निशी जयसवाल,कंचन प्रभा ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जबकि भगिनी निवेदिता का जीवन परिचय नीतू सिन्हा व रश्मि मिश्रा ने झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई के प्रेरक जीवन वृत्त बताया। मौके पर प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख रमाकांत दूबे ने सेवा कार्य प्रारंभ करने के पूर्व बस्ती सर्वेक्षण,बस्ती समिति निर्माण करने की जानकारी दी। वर्ग में खेल, योगासन,वंदना, मंत्रोच्चार आदि का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस वर्ग को सफल बनाने में जिला सचिव मनोज छापड़िया,नम्रता गुप्ता,लवकेश उपाध्याय,जयनंदन तिवारी आदि कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है।


