रमना में लायंस क्लब ने टीबी मरीजों के बीच बांटा निशुल्क पोषाहार, बेहतर स्वास्थ्य का दिया संदेश

लायंस क्लब ऑफ गढ़वा विशाल ने टीबी मरीजों के बीच बांटा निशुल्क पोषाहार

मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामाजिक संगठनों को आगे आने की जरूरत : नंदलाल प्रसाद गुप्ता

रमना
प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शुक्रवार को लायंस क्लब ऑफ गढ़वा विशाल की ओर से टीबी (क्षय रोग) मरीजों के बीच निशुल्क पोषाहार का वितरण किया गया. इस पहल के माध्यम से मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने और उपचार के दौरान उन्हें सहयोग देने का प्रयास किया गया. कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों ने टीबी मरीजों की देखभाल, संतुलित खानपान और नियमित उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला.मौके पर क्लब के अध्यक्ष नंदलाल प्रसाद गुप्ता ने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान, नियमित दवा और उचित पोषण के सहारे इससे स्वस्थ हुआ जा सकता है. मरीजों को दवा के साथ पौष्टिक भोजन पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि बीमारी के दौरान कई मरीज आर्थिक परेशानियों के कारण पर्याप्त पौष्टिक आहार नहीं ले पाते हैं. ऐसे में जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना समाज और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी है. लायंस क्लब ऑफ गढ़वा विशाल जरूरतमंद लोगों की सेवा और सहायता के उद्देश्य से लगातार सामाजिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी निभाता रहा है.क्लब के सचिव वेंकटेश्वर प्रसाद ने कहा कि टीबी मरीजों को उपचार के साथ भावनात्मक और सामाजिक सहयोग की भी आवश्यकता होती है. बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मरीजों को उचित खानपान के लिए प्रेरित करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संगठनों को जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि उन्हें उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. वहीं पूर्व अध्यक्ष डॉ. विश्वकर्मा ने भी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार और नियमित उपचार के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि टीबी के मरीज चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवा का पूरा कोर्स करें और बीच में दवा बंद नहीं करें. मरीजों को बीमारी के प्रति किसी प्रकार की हीनभावना नहीं रखनी चाहिए. सही उपचार और आवश्यक सावधानियों के साथ टीबी से मुक्ति पाना संभव है.कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों को पोषण के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया गया. इस अवसर पर कई लोग मौजूद थे

You may have missed