राष्ट्रीय सीनियर गतका चैंपियनशिप में दम दिखाएंगे पलामू के खिलाड़ी, श्रीनगर में होगी प्रतियोगिता

10वीं राष्ट्रीय सीनियर गतका चैंपियनशिप में पलामू के 8 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

श्रीनगर। 10वीं राष्ट्रीय सीनियर गतका चैंपियनशिप का आयोजन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पलामू के 8 खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्ग एवं स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।

पलामू के खिलाड़ियों में अंडर-19 टीम सिंगल शोटी स्पर्धा में सौभाग्य सिद्धार्थ, अनुभव पांडेय और समीर कुमार भाग लेंगे। वहीं फरी शोटी व्यक्तिगत स्पर्धा में सत्यम ठाकुर अपनी चुनौती पेश करेंगे।

इसके अलावा अंडर-25 व्यक्तिगत फरी शोटी में आकर्ष प्रताप तथा अंडर-30 टीम सिंगल शोटी में राजू कुमार और श्रीकांत सिंह पलामू का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से पहले सभी खिलाड़ी जम्मू-कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। खिलाड़ियों ने देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने की कामना की।

पलामू गतका संघ के सोनू नामधारी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

मौके पर खिलाड़ियों के कोच सह पलामू गतका संघ के सचिव सुमित वर्मन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पलामू के खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करना जिले के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है और सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पलामू गतका संघ के सभी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।