राजेश एक्सपोर्ट्स महाघोटाले पर कांग्रेस का हमला, निवेशकों और LIC के हितों की सुरक्षा की मांग

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजेश एक्सपोर्ट्स (Rajesh Exports) के कथित ₹15.15 लाख करोड़ के महाघोटाले को लेकर केंद्र सरकार और वित्तीय नियामकों पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनय सिन्हा ‘दीपू’ ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि इस घोटाले से देश की आम जनता, खासकर मध्यमवर्गीय निवेशक और LIC के करोड़ों रुपये दांव पर लग गए हैं।

SEBI की कार्रवाई ने उजागर किया घोटाला

विनय सिन्हा ‘दीपू’ ने कहा, “यह बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक है कि किसी कंपनी ने अपने कुल राजस्व का 99.8% हिस्सा सिर्फ कागजों पर फर्जी दिखाया। इतने बड़े स्तर पर धोखाधड़ी के दौरान देश की जांच एजेंसियां और रेगुलेटर सोए रहे।” उन्होंने SEBI द्वारा प्रमोटर राजेश मेहता के खिलाफ हालिया सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि बड़े कॉरपोरेट घरानों को दी गई खुली छूट का खामियाजा गरीब और मध्यमवर्गीय जनता भुगत रही है।

LIC और आम निवेशकों पर संकट

कांग्रेस नेता ने सबसे गंभीर मुद्दा LIC की 10.8% हिस्सेदारी को उठाया। उन्होंने पूछा, “देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी LIC और उसमें निवेश करने वाले झारखंड के लाखों परिवारों के पैसे की सुरक्षा कौन करेगा? इस महाघोटाले की भरपाई किसके जिम्मे होगी?”

झारखंड के रिटेल निवेशकों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि रांची, धनबाद, जमशेदपुर समेत पूरे राज्य के हजारों छोटे निवेशकों ने अपनी जीवन भर की पूंजी इस कंपनी के शेयरों में लगाई थी। घोटाले की खबर सामने आने के बाद शेयर बाजार में लगातार लोअर सर्किट लग रहे हैं, जिससे आम निवेशकों का पैसा डूबने की कगार पर पहुंच गया है।

विदेशी सब्सिडरी के नाम पर हेराफेरी का आरोप

विनय सिन्हा ने स्विस गोल्ड रिफाइनरी Valcambi SA का हवाला देकर कंपनी के वित्तीय आंकड़ों में किए गए भारी मिसमैच की स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच की मांग की।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय से निम्नलिखित मांगें की हैं:

  • पूरे मामले की समयबद्ध न्यायिक या उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच का तुरंत आदेश दें।
  • छोटे-रिटेल निवेशकों और LIC के हितों की रक्षा के लिए तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाएं।
  • नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रमोटर्स पर आपराधिक मुकदमा दर्ज कर उनकी संपत्तियां फ्रीज की जाएं।

विनय सिन्हा ‘दीपू’ ने चेतावनी देते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी आम जनता और निवेशकों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर सरकार ने इस वित्तीय धोखाधड़ी पर ठोस कदम नहीं उठाए तो हम जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर तरीके से उठाएंगे।”

यह मामला वर्तमान में शेयर बाजार और वित्तीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। SEBI की जांच आगे बढ़ रही है और आगे की घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।