पतंजलि योग समिति ने की 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां
पतंजलि योग समिति ने की 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां*
सतबरवा: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य एवं दिव्य रूप से मनाने के लिए पतंजलि योग समिति, पतंजलि महिला आयोग समिति तथा योग के प्रति समर्पित प्रबुद्ध जनों की एक महत्वपूर्ण बैठक महावीर मंदिर, सतबरवा के परांगण में आयोजित की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष ट्रेनिंग स्कूल का मैदान तथा कसियाडीह हाई स्कूल का मैदान— इन दो स्थानों पर योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने ट्रेनिंग हाई स्कूल में प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 6:00 बजे तक चल रही योग कक्षाओं में अधिक से अधिक लोगों को भाग लेने का आह्वान किया। महिलाओं के लिए अजगर धाम, सतबरवा में अलग से योग कक्षाएं संचालित हो रही हैं, जबकि कसियाडीह हाई स्कूल में भी सुबह 5 से 6 बजे तक योग सत्र चल रहा है। सभी योग प्रेमियों से नियमित रूप से इन कक्षाओं में शामिल होने का निवेदन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पतंजलि प्रखंड प्रभारी वीरेंद्र साहू, सह-प्रभारी श्याम बिहारी प्रसाद, महिला प्रभारी प्रीति गुप्ता, सह-प्रभारी पूनम गुप्ता तथा सांसद प्रतिनिधि मनीष कुमार ने योग दिवस को सफल बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में भाजपा प्रखंड अध्यक्ष संदीप कुमार करमचंद साहू, राजकुमार जी, योग शिक्षक विजय राम, सुबोध कांत जी, अकलू बाबा, स्वरूप राम जी, महिला विंग की नीलू गुप्ता, मीनाक्षी गुप्ता, रानी गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि 21 जून को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह, भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया जाएगा, ताकि योग के प्रति जन-जागरण हो सके और अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बना सकें।

