धुरकी थाना का जागरूकता अभियान: सड़क सुरक्षा से साइबर अपराध तक ग्रामीणों को किया गया जागरूक
धुरकी थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान आयोजित
धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कदवा/भंडार गांव में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, दहेज निषेध अधिनियम, मद्य निषेध, डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी प्रथाओं, डायल 112 एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि समाज में जागरूकता ही अपराध और सामाजिक बुराइयों को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए उन्होंने लोगों को मोबाइल, बैंक खाता, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी।
थाना प्रभारी ने दहेज प्रथा को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डायन-भूत जैसी अंधविश्वासपूर्ण कुरीतियां समाज को पीछे धकेलती हैं, इसलिए वैज्ञानिक सोच और शिक्षा को बढ़ावा देना आवश्यक है। मद्य निषेध कानून की जानकारी देते हुए उन्होंने शराब के सेवन और अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की।
साथ ही उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति, अपराध, दुर्घटना या अन्य परेशानी की सूचना तत्काल डायल 112 पर देकर पुलिस की सहायता प्राप्त की जा सकती है। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने और कानून का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जागरूक बनाकर सुरक्षित, शिक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण करना था।

