पनशाला खोलना मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक : अविनाश देव
एईके एकेडमी द्वारा सतबरवा मुख्य बाजार में पनशाला का शुभारंभ
पनशाला खोलना मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक : अविनाश देव
सतबरवा। सतबरवा स्थित मुख्य बाजार में एईके एकेडमी के द्वारा पनशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संत मरियम स्कूल के चेयरमैन सह झारखंड स्टेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश देव, सचिव गिरीश कुमार,एईके एकेडमी के प्राचार्य आफताब आलम, एसएलए स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार अग्रवाल, कैंब्रिज पब्लिक स्कूल के प्राचार्य नंदकिशोर भारती, ललन प्रजापति आदि लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काट कर एवं राहगीरों को पानी पिलाकर पंसाला का उद्घाटन किया। उक्त अवसर पर मुख्य अतिथि अविनाश देव ने कहा कि पनशाला का उद्घाटन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक पवित्र कार्य है। भीषण गर्मी में राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है। मैं इस सराहनीय पहल के लिए एईके एकेडमी विद्यालय परिवार एवं प्राचार्य आफताब आलम को बधाई देता हूँ। उन्होंने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ता है जब हम एक-दूसरे की जरूरतों को समझकर सहयोग करें। आज का यह पनशाला मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि झारखंड स्टेट स्कूल एसोसिएशन सदैव शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा। मौके पर एईके एकेडमी के प्राचार्य आफताब आलम ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए स्थानीय क्षेत्र में आम लोगों की सुविधा हेतु पेयजल पनशाला का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस फनशाला खोलने का मुख्य उद्देश्य गर्मी के मौसम में राहगीरों और जरूरतमंदों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। मौके पर कई लोग उपस्थित थे।

