पलामू में टीएसपीसी नक्सलियों का उत्पात, रोड निर्माण स्थल पर की गई फायरिंग

पलामूः प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) के द्वारा पलामू में रोड निर्माण स्थल पर फायरिंग की गयी है. फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली फरार हो गए.

रविवार की देर शाम पलामू में नावाजयपुर थाना क्षेत्र में रोड कंस्ट्रक्शन साइट पर दो बाइक से पांच की संख्या में नक्सली पहुंचे. बाइक सवार नक्सली खुद को टीएसपीसी का सदस्य बताते हुए फायरिंग की और मौके से फरार हो गए.

टीएसपीसी रोड निर्माण स्थल पर लेवी मांगने के इरादे से पहुंचे थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद नावाजयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले में छानबीन शुरू कर दी है. इलाके में टीएसपीसी के नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है.

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और पूरे मामले में छानबीन की जा रही है.

दरअसल बाइक सवार खुद को टीएसपीसी के नक्सली सबजोनल कमांडर नगीना के दस्ते का सदस्य बता रहे थे. दहशत फैलाने के इरादे से सभी ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है. एक लंबे अरसे के बाद पलामू के इलाके में नक्सलियों के तरफ से किसी कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग हुई है.