पलामू DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत का पांकी में औचक निरीक्षण, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान

पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने किया पांकी प्रखंड व अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर किया समाधान

​पांकी (पलामू): पलामू के नवनियुक्त उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत आज अचानक पांकी प्रखंड सह अंचल कार्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे। उपायुक्त के इस औचक निरीक्षण से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने न केवल प्रशासनिक कामकाज का जायजा लिया, बल्कि आम जनता से रूबरू होकर उनकी शिकायतों को भी सुना।
​ उपायुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया और लंबित फाइलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य संस्कृति में सुधार और पारदर्शिता लाने पर जोर दिया।
​ कार्यालय परिसर में मौजूद ग्रामीणों ने उपायुक्त को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन हेतु निर्देशित किया।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण से पूर्व पलामू उपायुक्त कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे, जहाँ उन्होंने छात्राओं को दी जा रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और शिक्षा के स्तर की जांच की।
​निरीक्षण के दौरान पांकी प्रखंड प्रमुख ने उपायुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
​उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी ललित प्रसाद सिंह को स्पष्ट लहजे में कहा कि सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी और समय पर कार्यालय आने का निर्देश भी दिया।