पिकनिक मनाने पहुंचे तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत, इलाके में पसरा मातम
पिकनिक मनाने पहुंचे तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत, इलाके में पसरा मातम
चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित कड़ु पटेर (तड़ुआ) नदी में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने पहुंचे तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंश प्रकाश (15), सत्यम कुमार (12) और प्रिंस कुमार (14) के रूप में हुई है। अंश प्रकाश और सत्यम कुमार आपस में मामा-भांजा बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। वहां उन्होंने पास्ता बनाया और खाना खाने के बाद नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता देखा, जिसके बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल से दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग समेत अन्य सामान बरामद किया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे, जहां चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। सदर एसडीपीओ सनी वर्धन ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर चतरा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

