गिरिडीह में निकली भव्य रंग यात्रा, विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने बिखेरा कला का रंग

गिरिडीह। ‘द रंग’ के बैनर तले आयोजित अखिल भारतीय नाट्य व नृत्य प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को शहर में भव्य रंग यात्रा निकाली गई। रेड क्रॉस के चेयरमेन व द रंग के मुख्य संरक्षक अरविंद कुमार ने सवेरा सिनेमा हॉल परिसर से रंग यात्रा का उद्घाटन फीता काटकर किया।
रंग यात्रा में प्रतियोगिता में भाग लेने विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अलग-अलग वेशभूषा में अपनी-अपनी कलाओं का प्रदर्शन किया। यात्रा मकतपुर, काली बाड़ी, टावर चौक, मधुबन वेजिस, बरगंडा मोड़, विश्वनाथ मंदिर होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई।
यात्रा में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, एहसास ग्रुप धनबाद (झारखंड), आह्वान ग्रुप ओडिसा, ज्ञानोदय ओडिसा, कानपुर, शाहजहाँपुर, अभिनायक रंग मंच दिल्ली, असम, मणिपुर, मुंबई, जाह्नवी संस्कृति मंच कोलकाता, हरियाणा, बिहार समेत अन्य राज्यों की टीम शामिल हुईं।
कलाकारों के स्वागत व सम्मान के लिए रास्ते में जगह-जगह शीतल पेय, जूस, बिस्किट व फल आदि की व्यवस्था की गई थी।
बेहतर वेशभूषा व अभिनय के आधार पर आजमगढ़ की टीम को प्रथम, एहसास ग्रुप धनबाद को द्वितीय व ज्ञानोदय ओडिसा की टीम को तीसरा स्थान दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में द रंग टीम की अध्यक्ष श्रुति सिंह सचिव पुरुषोत्तम कुमार समेत द रंग टीम के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।