पीजी इकोनॉमिक्स में चंदनी ग्राम की बहु प्रियंका कुमारी बनी यूनिवर्सिटी टॉपर, राज्यपाल ने दिया स्वर्ण पदक

पीजी इकोनॉमिक्स में चंदनी ग्राम की बहु प्रियंका कुमारी बनी यूनिवर्सिटी टॉपर, राज्यपाल ने दिया स्वर्ण पदक

गढ़वा : जिले की खरौंधी प्रखंड के चंदनी ग्राम की बहु प्रियंका कुमारी, पत्नी सोनम कुमार द्विवेदी, ने शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पीजी इकोनॉमिक्स सत्र 2019-21 में नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में टॉप किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सोमवार, 6 अक्टूबर 2025 को आयोजित दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें गोल्ड मेडल और उत्तीर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया।

राज्यपाल ने प्रियंका कुमारी को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाशाली छात्राएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य का गौरव बढ़ाती है। शिक्षा में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि यह संदेश देती है कि परिश्रम और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रियंका कुमारी ने कहा कि यह सफलता उनके पति सोनम कुमार द्विवेदी, परिवार, शिक्षकों और साथियों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा देगा।

इस अवसर पर उन्हें बधाई देने वालों में शशिकांत द्विवेदी, राकेश तिवारी, संदीप दुबे, मिथिलेश तिवारी, अनंत दुबे, नवनीत शुक्ला, प्रवीण दुबे, पंकज तिवारी, आनंद श्रीवास्तव, अनिमेष चौबे, ज्ञान चौबे, अमित द्विवेदी और अमियो मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

गढ़वा में इस उपलब्धि को लेकर खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रियंका कुमारी की सफलता जिले की अन्य बेटियों और बहुओं को उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी और गढ़वा की शैक्षणिक पहचान को नई ऊँचाई देगी।