पद्म भूषण से सम्मानित हुए दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन, झारखंड के लिए गौरव का क्षण

पद्म भूषण से सम्मानित हुए दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन, झारखंड के लिए गौरव का क्षण

गिरिडीह/रांची। झारखंड के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, दिशोम गुरु, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी धर्मपत्नी रूपी सोरेन ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया।
स्वर्गीय शिबू सोरेन ने अपने लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में उनकी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। आदिवासियों, वंचितों और गरीबों के अधिकारों की आवाज बनकर उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया और झारखंड की राजनीति को नई दिशा दी।
पद्म भूषण सम्मान मिलने की खबर से पूरे झारखंड में खुशी की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने इसे राज्य के सम्मान से जोड़ते हुए दिशोम गुरु के परिवार जन को बधाई दी है।
इस अवसर पर झारखंडवासियों ने कहा कि यह सम्मान केवल गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और पहचान का सम्मान है। राज्य के लिए यह गर्व और सम्मान का विषय है कि झारखंड आंदोलन के इस महानायक को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक से नवाजा गया है।
झारखंड की धरती से निकले संघर्ष के इस प्रतीक को मिला यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का कार्य करेगा।