पालामू में आरसेटी का संयुक्त सचिव (उर्वरक) भारत सरकार द्वारा निरीक्षण
पालामू में आरसेटी का संयुक्त सचिव (उर्वरक) भारत सरकार द्वारा निरीक्षण
पालामू। भारत सरकार के उर्वरक विभाग के संयुक्त सचिव श्री श्रीकृष्ण कांत पाठक ने पोखराहा खुर्द स्थित एस.बी.आई. आरसेटी (RSETI) यानि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान पालामू का भ्रमण किया। इस अवसर पर उनके साथ उपायुक्त पालामू श्रीमती समीरा एस, उप विकास आयुक्त श्री जावेद अख्तर, प्रशिक्षु आईएएस, डीपीएम श्रीमती अनीता सी. केरकेट्टा, डीएम-स्किल श्री नवल किशोर राजू सहित जिले के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे । सभी अधिकारियों ने पोखराहा खुर्द, मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित आरसेटी पालामू का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री ब्रह्मानंद साह, वरिष्ठ फैकल्टी श्री जितेंद्र मेहता, फैकल्टी श्री जयंत चक्रवर्ती, सहायक श्री मणिकांत दुबे, श्री शशि रंजन कुमार, अटेंडर श्री मनोज चौधरी सहित अन्य कर्मचारी एवं कुल 30 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान आरसेटी के पूर्व प्रशिक्षणार्थियों, जो वर्तमान में अपना स्वरोजगार सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं, ने अपने अनुभव साझा किए। कॉस्ट्यूम ज्वेलरी मेकिंग की पूर्व प्रशिक्षणार्थी श्रीमती अनीता देवी ने विभिन्न डिज़ाइन की चूड़ियों एवं ज्वेलरी का स्टॉल लगाकर अपने कार्य के बारे में जानकारी दी। महिला सिलाई प्रशिक्षण से जुड़ी श्रीमती खुशबू शर्मा ने अपने द्वारा डिज़ाइन किए गए महिला परिधानों की प्रदर्शनी लगाई तथा अपने अनुभव साझा किए। वहीं मशरूम उत्पादन से जुड़ी श्रीमती सुषमा देवी ने मशरूम एवं उससे बने अचार का प्रदर्शन किया और अपने स्वरोजगार के अनुभव बताए।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव श्री श्रीकृष्ण कांत पाठक द्वारा “Essentials of Paper Cover, Envelope and File Making” प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर किया गया। साथ ही उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त पालामू ने भी दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संयुक्त सचिव श्री पाठक ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वरोजगार के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए तथा आरसेटी में रोजगारोन्मुखी एवं नवीनतम प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश एवं प्रेरणादायक वातावरण के साथ हुआ ।


