नगर परिषद गुमला की बैठक में शहर विकास, आधारभूत संरचना एवं राजस्व वसूली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय
नगर परिषद गुमला की बैठक में शहर विकास, आधारभूत संरचना एवं राजस्व वसूली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय
टावर चौक पुनर्निर्माण, ऑटो स्टैंड, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई एवं शहर सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
गुमला – मंगलवार को उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में नगर परिषद गुमला से संबंधित विभिन्न विकासात्मक एवं प्रशासनिक विषयों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, यातायात व्यवस्था, राजस्व संग्रहण, शहरी सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान शहर के प्रमुख स्थल टावर चौक की जर्जर स्थिति पर चर्चा करते हुए इसके पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही टावर चौक स्थित ट्रैफिक पोस्ट को पीछे स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, जिससे आमजन एवं वाहनों की आवाजाही के लिए अधिक स्थान उपलब्ध हो सके।
बैठक में आईएसबीटी (इंटर स्टेट बस टर्मिनल) निर्माण को लेकर विभाग को भेजे गए प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। शहर में सुव्यवस्थित बस स्टैंड व्यवस्था विकसित करने की दिशा में आवश्यक पहल तेज करने पर भी बल दिया गया।
पर्यटन भवन को विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु किराये पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त शहर में पार्क निर्माण, बाजार डांड़ क्षेत्र में टावर निर्माण एवं पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बाजार डांड़ तथा पुराने केंद्रीय विद्यालय परिसर में पानी टावर निर्माण से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नगर परिषद द्वारा नगर भवन परिसर में वाहनों के खड़े रहने की समस्या से अवगत कराया गया, जिस पर वाहनों के सुरक्षित पार्किंग हेतु उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
शहर में मांस बिक्री को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जशपुर रोड एवं लोहरदगा रोड क्षेत्र में भूमि चिन्हित किए जाने के विषय पर भी विचार किया गया। इसके अतिरिक्त आवारा कुत्तों के लिए डॉग शेल्टर/आसरा गृह निर्माण हेतु विभाग द्वारा मांगे गए प्रतिवेदन के संबंध में आवश्यक पहल करने पर चर्चा हुई।
बैठक में शहर में ऑटो स्टैंड निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति एवं नगर परिषद अंतर्गत विभिन्न दुकानों के किराया निर्धारण को लेकर भी समीक्षा की गई। दुकानों के भाड़ा निर्धारण हेतु अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
नगर परिषद क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के नियमित मेंटेनेंस एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों पर लंबित होर्डिंग टैक्स की वसूली एवं नगर परिषद के बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष रूप से साफ-सफाई, सड़क किनारे प्रकाश व्यवस्था, प्रतिमाओं के आसपास लाईट लगाने तथा सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने पर जोर दिया गया। शहीद स्मारक परिसर में स्थापित मार्बल फव्वारे को पुनः चालू कराने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त नगर परिषद अंतर्गत 12 सैरात से संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई तथा राजस्व वृद्धि के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस दौरान कार्यपालक अभियंता नगर परिषद सहित अन्य सम्बंधित उपस्थित रहें।




