झारखंडधाम विवाह भवन और सर्किट हाउस के रखरखाव का टेंडर संपन्न
गिरिडीह जिले की प्रसिद्ध शिवनगरी व पर्यटन स्थल झारखंडधाम स्थित विवाह भवन और सर्किट हाउस के रखरखाव का टेंडर गुरुवार को गिरिडीह समाहरणालय में पर्यटन विभाग द्वारा संपन्न कराया गया। इस टेंडर प्रक्रिया में कुल 16 स्वयंसेवी संस्थाओं ने भाग लिया, जिसमें विकास वाटिका फाउंडेशन, राजधनवार ने उच्चतम बोली लगाकर टेंडर अपने नाम किया। बताया गया कि झारखंडधाम स्थित विवाह भवन और सर्किट हाउस की स्थिति वर्तमान में काफी जर्जर हो चुकी है। भवन की दीवारों पर पौधे उग आए हैं, कई जगहों पर प्लास्टर टूटकर गिर रहा है तथा लंबे समय से रंग-रोगन नहीं होने के कारण भवन की सुंदरता प्रभावित हो रही है। अब टेंडर की शर्तों के अनुसार संस्था द्वारा भवन का रंग-रोगन, मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। पर्यटन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, टेंडर लेने वाली एजेंसी को अपने स्तर पर पूरे परिसर की पेंटिंग, साफ-सफाई और साज-सज्जा का कार्य पूरा करना होगा।

