नगर निगम बोर्ड की बैठक में वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने जनहित के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे

नगर निगम बोर्ड की बैठक में वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने जनहित के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे

गिरिडीह। नगर निगम की आयोजित बोर्ड बैठक में वार्ड संख्या-06 के पार्षद संजीव कुमार ने शहर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण जनहितकारी प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

बैठक में उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वर्षा जल संचयन एवं अन्य प्रभावी योजनाओं को लागू करने की मांग की। साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर नालियों पर स्लैब निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा।

पार्षद संजीव कुमार ने नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने शहर के पुराने तालाबों, कुओं एवं अन्य पारंपरिक जलस्रोतों की सफाई, संरक्षण एवं नियमित रखरखाव की भी मांग की, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के सामुदायिक भवनों के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव रखा। साथ ही अलकापुरी स्थित माइनिंग कार्यालय परिसर में डेली मार्केट (दैनिक बाजार) की स्थापना करने का सुझाव दिया, जिससे स्थानीय व्यापारियों को बेहतर व्यवस्था मिले और आम नागरिकों को भी सुविधा उपलब्ध हो।

पार्षद संजीव कुमार ने कहा कि ये सभी प्रस्ताव नगर निगम क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण, रोजगार संवर्धन एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नगर निगम प्रशासन इन जनहितकारी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।