NEET-UG 2026 को लेकर गिरिडीह प्रशासन अलर्ट, होटल-लॉज में सघन जांच
गिरिडीह। NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर थाना पुलिस के द्वारा शहर के विभिन्न होटल, लॉज एवं ठहराव स्थलों की जांच की गई। जांच के दौरान परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के ठहरने से संबंधित जानकारी जुटाई गई तथा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में NEET-UG परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 के प्रावधानों का पालन कराया जाएगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
इस दौरान नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर शहर के सभी होटलो और लॉज में सघन जांच अभियान चलाया गया इस दौरान होटल में ठहरे सभी यात्रियों के ठहराव, पहचान और गतिविधियों की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधियों और बाहर से आने वाले लोगों पर नज़र रखी जा रही है, अगर ऐसी कोई बात सामने आती है तो गिरिडीह पुलिस उस पर तत्काल कार्रवाई करेगी।
वहीं परीक्षा के सफल संचालन के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर भी परीक्षा की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें और एनटीए द्वारा जारी नवीनतम एडमिट कार्ड तथा वैध पहचान पत्र साथ लेकर आएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, कदाचार या अनियमितता की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। गिरिडीह प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

