नीरज श्रीधर के मार्गदर्शन में राजकीय मध्य विद्यालय रेजो के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, मूक नाटक को मिला प्रथम स्थान
नीरज श्रीधर के मार्गदर्शन में राजकीय मध्य विद्यालय रेजो के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, मूक नाटक को मिला प्रथम स्थान
नीरज श्रीधर ने कहा – “विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच और मार्गदर्शन मिले, तो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी अपनी उत्कृष्टता से नई पहचान बना सकते हैं।”
झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस-2026 के शुभ अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रखंड स्तरीय चयन प्रतियोगिता में राजकीय मध्य विद्यालय रेजो (मेराल) के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में विद्यालय के शिक्षक नीरज श्रीधर द्वारा लिखित एवं निर्देशित मूक नाटक 'आज इसी की जरूरत है' ने विशेष आकर्षण बटोरा। रवि रंजन, ऋषि पंडित, प्रियांशु कुमार, अनुज कुमार एवं बादल कुमार के उत्कृष्ट अभिनय और प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर इस नाटक को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
वहीं, निबंध प्रतियोगिता में वर्ग आठ की छात्रा काजल कुमारी ने अपनी लेखन प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
नृत्य प्रतियोगिता में प्रिया कुमारी, सुप्रिया कुमारी, प्रिया कुमारी,शिवानी कुमारी, आकांक्षा कुमारी, खुशी कुमारी, कंचन कुमारी एवं काजल कुमारी की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसके अतिरिक्त काजल कुमारी ने क्विज प्रतियोगिता में भी अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय देते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता के पीछे शिक्षक नीरज श्रीधर का मार्गदर्शन एवं सतत प्रयास महत्वपूर्ण रहा। प्रतियोगिताओं की तैयारी में विद्यालय के शिक्षक अरुण कुमार दुबे, शिक्षक वागेश कुमार पंडित तथा कंप्यूटर ऑपरेटर लवकुश पासवान का भी सराहनीय योगदान रहा।
शिक्षक अरुण कुमार दुबे ने कहा बच्चों की उपलब्धि हम शिक्षकों के लिए गर्व करने वाला विषय है। उनका उत्साह बढ़े और वे निरन्तर प्रगति करें हम सभी को ऐसा प्रयत्न करना चाहिए।
शिक्षक नीरज श्रीधर ने कहा कि विद्यालयों में पढ़ाई के साथ कला, साहित्य, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। आवश्यकता है उसे पहचानने, निखारने और उचित मंच प्रदान करने की। विद्यार्थियों की यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन, लगन और सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
शिक्षक वागेश कुमार पंडित ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
वहीं, निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा काजल कुमारी ने अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से उसे यह उपलब्धि हासिल हुई है। उसने भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने की इच्छा जताई।
विद्यार्थियों की इस बहुआयामी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और प्रोत्साहन से ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं। उनकी सफलता से राजकीय मध्य विद्यालय रेजो का पूरा विद्यालय परिवार गौरवान्वित है।

