बच्चों की मुस्कान और सेहत का ख्याल: ब्लॉसम स्कूल में दंत चिकित्सा शिविर, 80 बच्चों के दांतों की हुई जांच
बच्चों की मुस्कान और सेहत का ख्याल: ब्लॉसम स्कूल में दंत चिकित्सा शिविर, 80 बच्चों के दांतों की हुई जांच
गिरिडीह। कॉलेज मोड़ स्थित ब्लॉसम स्कूल में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं दांतों की सुरक्षा को लेकर दंत चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. भैरव कांत झा ने बच्चों के दांतों की जांच की। शिविर के प्रथम चरण में कुल 80 बच्चों का दंत परीक्षण किया गया।
इस दौरान डॉ. भैरव कांत झा ने बच्चों को दांतों की नियमित सफाई और उचित देखभाल के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बच्चों में अक्सर दांतों में कीड़ा लगना, कैविटी, मसूड़ों में सूजन, दांतों में दर्द और मुंह से दुर्गंध जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं। इसका प्रमुख कारण अधिक मात्रा में चॉकलेट, टॉफी, मिठाई और अन्य मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन करने के बाद दांतों की सही तरीके से सफाई नहीं करना है।
उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि अधिक मीठी चीजों और चॉकलेट-टॉफी के सेवन से बचें। प्रतिदिन सुबह और रात सोने से पहले कम से कम दो बार ब्रश करें। खाने के बाद कुल्ला करने की आदत डालें तथा दांतों में किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत दंत चिकित्सक से परामर्श लें।
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य जागरूकता जरूरी : सुषमा प्रसाद
विद्यालय की प्रिंसिपल सुषमा प्रसाद ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनका शारीरिक स्वास्थ्य भी विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। अक्सर बच्चे दांतों की छोटी-छोटी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय में दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, ताकि बच्चों को समय रहते उचित चिकित्सकीय सलाह और मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी बच्चों के स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
शिविर को सफल बनाने में विद्यालय की प्रिंसिपल सुषमा प्रसाद, वाइस प्रिंसिपल संतोषी महतो, शिक्षिका गायत्री कवर एवं अंजली सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

