मनिका प्रखंड कार्यालय में ACB की बड़ी कार्रवाई, पंचायत सचिव नागेश्वर रजक 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

लातेहार। मनिका प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़काडीह पंचायत के पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को कथित तौर पर 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पंचायत से संबंधित एक कार्य के एवज में पंचायत सचिव पर एक ग्रामीण से 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। इसकी शिकायत ग्रामीण ने ACB से की थी।

बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। आरोप है कि शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते ही टीम ने पंचायत सचिव को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में अवैध वसूली पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

रिपोर्ट — अर्चना कुमारी